Video : आधा दर्जन मनचले लड़की के कपड़े फाड़ते रहे, वीडियो बनाते रहे बच्चे Tez News.
जहानाबाद : नबिहार के जहानाबाद में एक नाबालिग लड़की से हैवानियत की घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो रोंगटे खड़े कर देने वाला है। इसमें सड़क पर एक नाबालिग लड़की को दबोचकर आधे दर्जन लड़के उसकी अस्मत से खिलवाड़ करते नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आठ से दस वर्ष के लड़के मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं।
वीडियो के वायरल होने पर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए तो पुलिस प्रशासन हरकत में आया। इस मामले में एसआइटी ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उधर, वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष नीतीश कुमार सरकार पर हमलावर हो गया है।
दरअसल, वीडियो में दिखता है कि करीब आधा दर्जन लड़के एक लड़की को पकड़े हुए हैं। लड़की उन्हें बार-बार भैया कहकर छोड़ देने को कहती है, मगर लड़के नाबालिग लड़की के कपड़े जबरन उतार रहे हैं। विरोध करने पर उसकी पिटाई भी कर रहे हैं। इस बीच, लड़की को वे सड़क पर गिरा देते हैं। दो से तीन लड़के लड़की के ऊपर आकर कपड़े उतारने की कोशिश करते हैं। वहीं, लड़की बार-बार दया की भीख मांगती है।
बाद में किसी तरह से लड़की उनके चंगुल से छूटती है। कुछ लड़के बाद में अपने साथियों को कहते हैं कि अब लड़की को जाने दो। तब जाकर लड़की दरिंदों के चंगुल से छूटकर भागती है। वीडियो में सड़क पर एक बाइक गिरी हुई दिखती है, जिसका नंबर जहानाबाद जिले का है। इससे पता चलता है कि वीडियो जहानाबाद का ही है। चौंकाने वाली बात है कि घटना में शामिल सभी 20 साल से कम उम्र के लड़के हैं। इसमें 12 से 14 साल के लड़के लड़की का वीडियो बना रहे हैं।
आईजी नैय्यर हसनैन खान की ओर से गठित एसआईटी के अनिल कुमार सिंह की टीम चारों लड़कों की गिरफ्तारी कर उनसे पूछताछ कर रही है। पकड़े गये चारों लड़के नाबालिग हैं। लड़कों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अब तक जो तस्वीर सामने आयी है, उसके अनुसार मोटरसाइकिल रवि रंजन के नाम से रजिस्टर्ड है।
रवि रंजन का एक दोस्त मोटरसाइकिल पर अपनी परिचित लड़की को बैठाकर जा रहा था। सुनसान इलाके में वे गाड़ी रोक कर बात कर रहे थे, तभी स्थानीय लड़कों के झुंड ने इनको देख लिया। उन्हें ये संदेह था कि इन दोनों के बीच गलत संबंध है। इसके बाद लड़की के कपड़े उतारने की उन्होंने कोशिश की।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो के बाद बिहार की राजनीति में हंगामा मच गया। राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ‘निशब्द हूं! नीतीश कुमार के भाजपाई रामराज में 8-10 दरिंदे एक नादान 13-14 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहे हैं। विडियो देखकर कांप गया। क्या हो गया है समाज को? बलात्कारियों को सत्ताधारियों द्वारा भारत माता और तिरंगे की आड़ में जब नैतिक समर्थन मिलेगा तो समाज ऐसे ही बर्बाद होगा।’
Video : आधा दर्जन मनचले लड़की के कपड़े फाड़ते रहे, वीडियो बनाते रहे बच्चे Tez News.